मसूरी के वैकल्पिक मार्ग का 14.55 करोड़ से होगा चौड़ीकरण, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया शिलान्यास


मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को गजियावाला में देहरादून-किमाड़ी-लंबीधार-कार्ट मैकेंजी-कंपनी गार्डन मोटर मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया।

करीब 14.55 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना के तहत सप्लाई कैंट से लंबीधार-बासागाड़-मसूरी तक 24 किमी तक सिंगल लेन मार्ग को इंटरमीडिएट लेन में परिवर्तित किया जाएगा। इसके साथ अतिरिक्त पहाड़ कटान, क्रास ड्रेन और सुरक्षा दीवारों का निर्माण भी किया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि यह सड़क मसूरी क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसके चौड़ीकरण से स्थानीय निवासियों, पर्यटकों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सड़क के सुधारीकरण से यातायात व्यवस्था सुगम होगी और पर्यटन गतिविधियों के साथ स्थानीय आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और तय समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही बताया कि गजियावाला क्षेत्र में लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से नए पुल का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प का उल्लेख करते हुए नागरिकों से सप्ताह में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ अपनाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि निजी वाहनों के बजाय साइकिल या पैदल चलने की आदत न केवल ईंधन की बचत करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम में मंडल महामंत्री किरण, लक्ष्मण सिंह रावत, ग्राम प्रधान सुनील क्षेत्री, विक्रम थापली, विनोद अवस्थी, आरती, जगदीश रेगमी, सीमा पुंडीर, ज्योति कोटिया, लीला शर्मा, वंदना बिष्ट, कर्नल सतीश शर्मा (सेनि) आदि उपस्थित रहे।



Source link

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *